चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश छोटीसादड़ी, धरियावद, धोलापानी और प्रतापगढ़ क्षेत्र में की जा रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए भगवतीलाल पिता लक्ष्मण मीणा निवासी रेला, थाना धोलापानी, जिला प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया।
लाठी-सरियों से मारपीट का आरोप-
पुलिस के अनुसार प्रकरण में सुगना बाई पत्नी लाभचंद रावत मीणा ने रिपोर्ट दी थी कि रात करीब 12 बजे उसके ससुर उंकार जी कुएं पर बने कच्चे मकान के बाहर पलंग पर सो रहे थे। इसी दौरान कमलेश पिता बद्रीलाल, भेरूसिंह पिता बद्रीलाल और बद्रीलाल पिता नाथू मीणा कथित रूप से लाठी और सरियों से उनके साथ मारपीट कर रहे थे।
आवाज सुनकर सुगना बाई बाहर आई तो आरोपी मौके से भाग गए। रिपोर्ट के अनुसार उंकार जी के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और पानी पिलाने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू-
घटना के बाद बड़ीसादड़ी थाने में प्रकरण संख्या 169/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार मामले में पूर्व में कमलेश मीणा, भैरूलाल और कालूराम मीणा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
वांछित आरोपी भगवतीलाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
विशेष टीम ने की कार्रवाई-
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम में एएसआई हरिराम, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, ओमप्रकाश, धर्मीचंद, प्रेमाराम, सत्यप्रकाश और चालक कांस्टेबल रामूलाल शामिल रहे।