नीमच। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्य प्रदेश सेक्टर, सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों तथा कार्यालयों के बीच आयोजित एथलेटिक प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता 21 से 24 सितंबर तक आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल एवं ग्वालियर सहित 1वीं, 7वीं, 41वीं, 123वीं एवं 148वीं बटालियन, 107 द्रुत कार्य बल तथा 4 सिग्नल बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान 10 किलोमीटर, 5000 मीटर, 1500 मीटर दौड़ एवं रिले रेस सहित विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
जवानों ने दिखाई खेल प्रतिभा-
प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों में शारीरिक स्फूर्ति, सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता एवं टीम भावना को बढ़ावा देना रहा। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी फिटनेस एवं खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में ग्रुप केंद्र नीमच के उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में संयुक्त अस्पताल नीमच के उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. अब्दुल नजर ने विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 148वीं बटालियन ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 1वीं बटालियन द्वितीय स्थान पर रही।
शारीरिक स्फूर्ति और टीम भावना जरूरी-
डॉ. अब्दुल नजर ने कहा कि सीआरपीएफ की कार्यशैली में तकनीकी दक्षता के साथ शारीरिक स्फूर्ति भी महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं जवानों की शारीरिक क्षमता, तत्परता एवं टीम भावना को मजबूत करने में सहायक होती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
समापन समारोह में डॉ. केनजोम नगोमदिर, डॉ. संसृति शर्मा, कबीर सरीन, शैलेन्द्र थोरेचा, तिलोतमा एन., सुभाष यादव, दुष्यंत गोस्वामी, सीमा सिंह, हरजीत सिंह एवं खेमराज आर्से सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।