नीमच। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा चयनित ग्राम बरडिया में विधिक जागरूकता के साथ पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शोभना मीणा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार ने जनपद पंचायत मनासा में विभिन्न विभागों के तहसील स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जनपद पंचायत मनासा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आयुषी गोयल, तहसीलदार अजेंद्र नाथ प्रजापति सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश-
बैठक में ग्राम बरडिया के ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवेदनों का शीघ्र परीक्षण एवं निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को संबंधित शासकीय योजनाओं का लाभ मेगा ड्राइव की अवधि में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। योजनाओं का लाभ दिलाने में आ रही कठिनाइयों का प्राथमिकता से निराकरण करने को भी कहा गया।
28 सितंबर को दस्तावेज अपडेशन शिविर-
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शोभना मीणा ने बताया कि ग्राम बरडिया में 28 सितंबर 2026 को आधार कार्ड अपडेशन, संबल कार्ड एवं समग्र आईडी से संबंधित कार्यों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर दस्तावेजों में आवश्यक सुधार एवं अपडेशन कराने की अपील की। संबंधित मैदानी अमले को शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी-
बैठक के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने ग्राम बरडिया के आंगनबाड़ी केंद्रों तथा प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सेवाओं, टोल-फ्री हेल्पलाइन, विधिक सहायता पेटी और सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज बनवाने और उन्हें समय-समय पर अपडेट कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
मेगा ड्राइव के तहत ग्राम बरडिया में विधिक जागरूकता, दस्तावेजों के निर्माण एवं अपडेशन तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से गतिविधियां जारी हैं।