खरगोन। शहर के दांगी मोहल्ला स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा के दौरान पंडित सेतु महाराज ने जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग सुनाया, पूरा पंडाल “नंद घर आनंद भयो, जय हो नंदलाल की” और “गोविंद मेरो है, गोपाल मेरो है” जैसे भजनों व जयकारों से गूंज उठा।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की जीवंत झांकी के साक्षी बने। वासुदेव का रूप धारण किए युवक जब सजी हुई टोकरी में नन्हें कान्हा को लेकर कथा पंडाल में पहुंचे तो बाल गोपाल की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया।
कथा श्रवण के लिए पूर्व विधायक रवि जोशी भी पंडाल पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विराजित श्रीराधाकृष्ण के दर्शन किए और बाल स्वरूप में सजे कान्हा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
कथा के दौरान पंडित सेतु महाराज ने श्रीकृष्ण जन्म से जुड़े प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब-जब धरती पर अन्याय और दुराचार बढ़ता है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं।
दांगी समाज के रोहित दांगी ने बताया कि भादौ मास में श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन की परंपरा पिछले करीब 150 वर्षों से चली आ रही है। यह धार्मिक परंपरा आज भी निरंतर जारी है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण करने पहुंचते हैं।