खरगोन। जिले में तेज बारिश से मक्का, मिर्च और कपास की फसल को नुकसान हुआ है। देवली और टांडा बरुड क्षेत्र में 100 एकड़ से ज्यादा फसल प्रभावित हुई है। तैयार मक्का बारिश के कारण खेत में गिर गई।
बारिश से कपास गीला हो गया है। लाल मिर्च भी भीग गई है। इससे उसका रंग खराब होने की आशंका है। किसानों को डर है कि फसल की गुणवत्ता बिगड़ने से सही दाम नहीं मिल पाएगा।
सर्वे कर मुआवजे की मांग
किसान गिरधारी राठौड़ ने बताया कि हरी मिर्च के भी कम दाम मिले थे। अब लाल मिर्च खराब होने से नुकसान और बढ़ सकता है। उन्होंने खराब फसलों का सर्वे कर किसानों को राहत देने की मांग की है।
जिले में बीते 24 घंटे में खरगोन तहसील में 18 मिमी और भगवानपुरा में 16 मिमी बारिश दर्ज हुई है। जिले में अब तक 29.4 इंच औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी क्षेत्र में भी कुछ जगहों पर तेज बारिश का असर रहने की बात कही गई है।