नीमच। 25 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख विसर्जन स्थलों पर प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए आवश्यकतानुसार क्रेन एवं जेसीबी की व्यवस्था की जा रही है। रात के समय विसर्जन को देखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ बिजली बैकअप की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
बैरिकेडिंग के साथ गोताखोर और होमगार्ड रहेंगे तैनात
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल निकायों के आसपास बैरिकेडिंग की जा रही है, ताकि लोग निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रहें। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोर एवं होमगार्ड की टीमें नावों के साथ तैनात रहेंगी। बड़े विसर्जन स्थलों पर चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।
अधिकारियों को मौके पर रहकर निगरानी के निर्देश-
कलेक्टर चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि शुक्रवार, 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था से जुड़े कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, सीएमओ, नगरपालिका एवं जनपद पंचायतों के सीईओ सहित उनकी टीमें, एमपीईबी, पीडब्ल्यूडी, होमगार्ड, सीएमएचओ एवं आरईएस के अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए मौके पर उपलब्ध रहें। संबंधित अधिकारी स्वयं विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणेश प्रतिमा विसर्जन की मर्यादा एवं गरिमा का विशेष ध्यान रखते हुए सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। जल निकायों के प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करें, ताकि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।