जावरा। गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जुलूस के सुचारु संचालन एवं शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस जावरा ने विशेष यातायात एवं डायवर्सन प्लान तैयार किया है। यह व्यवस्था 25 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे से प्रभावी होगी। वहीं, शहर में भारी वाहनों का प्रवेश 25 सितंबर सुबह 9 बजे से 26 सितंबर सुबह 5 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
जुलूस मार्ग पर यातायात रहेगा नियंत्रित-
गणेश विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए विसर्जन स्थल की ओर जाएगा। जुलूस के दौरान मार्ग पर आवश्यकतानुसार यातायात को नियंत्रित एवं डायवर्ट किया जाएगा। आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
इन स्थानों पर रहेगा डायवर्सन-
1. भीमाखेड़ी चौराहा: महू-नीमच रोड से आने वाले वाहनों का रपट रोड, मेवातीपुरा एवं जेल तिराहा की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया एवं चार पहिया वाहन भी इस मार्ग से नहीं जा सकेंगे। वाहन चालक चौपाटी से ब्रिज का उपयोग कर शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
2. अजमेरी गेट: अजमेरी गेट से बोहरा बाखल की ओर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ताल-आलोट की ओर जाने वाले वाहन बेगमपुरा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
3. रतलामी गेट: रतलामी गेट से नीम चौक की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
4. डूंगरपुर गेट: डूंगरपुर गेट से कमानी गेट की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
5. पहाड़िया रोड: पहाड़िया रोड से बढ़िया कुआं, सुतारीपुरा होते हुए आजाद चौक मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक बढ़िया कुआं से सागरपेशा रोड होते हुए रतलामी गेट मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
6. हाथीखाना पुल: हाथीखाना पुल से वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को मामूसा की दरगाह की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
7. ताल-आलोट एवं रिंगनोद मार्ग: ताल, आलोट एवं रिंगनोद की ओर से आने वाले वाहन ताल नाका एवं बोहरा बाखल की ओर न जाकर रजा चौराहा से डायवर्ट होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
8. गीता भवन मार्ग: गीता भवन से गोवर्धन नाथ मंदिर एवं शुक्रवारिया की ओर आने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा नो-व्हीकल जोन-
गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों के साथ आमजन का प्रवेश भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इनमें खतरीपुरा से गुन्ना चौक, बोहरा बाखल से गुन्ना चौक, हाथीखाना से गुन्ना चौकी, डूंगरपुर गेट से कमानी गेट, कोर्ट चौराहा से नीम चौक, खिड़की दरवाजा से आजाद चौक तथा रावण दरवाजा से गोवर्धन नाथ मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग शामिल हैं।
वाहन चालक इन बातों का रखें ध्यान-
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से वाहन लेकर प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। बैरिकेडिंग एवं पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा जुलूस के दौरान धैर्य एवं संयम बनाए रखें। आपातकालीन वाहनों को आवश्यकतानुसार रास्ता देने में सहयोग करें।