इंदौर। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गुरुवार को दातुनी पहाड़ी पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दादा गुरु महाराज, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक मधु वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने पहाड़ी पर पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रकृति से हम जितना लेते हैं, उससे दोगुना उसे लौटाना हमारी जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति का दोहन किया जा सकता है, लेकिन शोषण करने का अधिकार किसी को नहीं है। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ के कारण अतिवृष्टि और अनावृष्टि जैसी परिस्थितियां बन रही हैं। ऐसे में वृक्षारोपण बेहद जरूरी है।
विजयवर्गीय ने दातुनी पहाड़ी का नाम बदलकर ‘ऋषि पहाड़ी’ रखने की बात भी कही। उन्होंने इंदौर में कम बारिश को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि पेड़ों का सूखना या मरना दुखद है।
दादा गुरु महाराज ने कहा कि गणेशोत्सव के अवसर पर वृक्षारोपण का यह महायज्ञ किया जा रहा है। इससे जीवन सुरक्षित रखने के साथ प्रकृति का संरक्षण और संवर्धन होगा। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में पेड़-पौधों को परमात्मा और देवता मानकर उनकी पूजा की जाती है।
उन्होंने पेड़ों के महत्व को बताते हुए कहा कि जिस तरह भगवान शिव ने अपनी जटाओं में गंगा को धारण किया था, उसी तरह पेड़ अपनी जड़ों में जल को धारण करते हैं। दादा गुरु महाराज ने कहा कि अब इंदौर में उनका दूसरा पड़ाव ‘ऋषि पर्वत’ पर रहेगा।