नीमच। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने निर्धारित विसर्जन स्थलों ग्राम चल्दू नदी, बोरखेड़ी नदी एवं संजीवनी घाट जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने विसर्जन स्थलों पर क्रेन, नाव, गोताखोर, एसडीआरएफ टीम, चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस सहित उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एसडीआरएफ एवं होमगार्ड टीम को विसर्जन के दौरान सतर्क एवं अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक संसाधन एवं बचाव दल मौके पर उपलब्ध रखने के लिए कहा।
अधिकारियों ने विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, सीएसपी किरण चौहान, तहसीलदार संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस बल, स्थानीय सरपंच एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, एसडीआरएफ, होमगार्ड तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।