मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने ग्राम बिशनिया, मोतीपुरा एवं केतूखेड़ी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बिशनिया में उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण-
कलेक्टर ने ग्राम बिशनिया में प्राथमिक सहकारी संस्था का निरीक्षण किया तथा वाहन व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर हितग्राहियों को वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्टाफ पंजी एवं अन्य रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया।
मोतीपुरा में स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण-
ग्राम मोतीपुरा में कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर ओपीडी एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बच्चों से संवाद किया।
विद्यार्थियों की चित्रकला का किया अवलोकन-
पीएम श्री विद्यालय मोतीपुरा में विकसित भारत विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी सोचने-समझने की क्षमता को विकसित करें और नए कार्य करने के लिए आगे आएं। जीवन में बड़ी जिम्मेदारियां मिलती हैं, उनका जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए अपनी पहचान बनाएं। अच्छा सोचें, किसी को अपना आदर्श मानकर कार्य करें और उससे भी बेहतर करने का प्रयास करें।
सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग ने विद्यार्थियों से कहा कि सभी को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने गांव, शहर एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रयास करना चाहिए।
अधिकारियों ने भी किया विभिन्न गांवों का भ्रमण-
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा भी जिले के अनेक गांवों का भ्रमण किया गया। अधिकारियों ने बोलिया, रहीमगढ़, खेताखेड़ा, शक्करखेड़ी, सुवासरा नगर परिषद के एक वार्ड, नाहरगढ़, कचनारा, खजूरमांडा, खजूरीचंद्रावत, रणायरा, प्रतापपुरा, झलारा, कोटड़ाबहादुर, बेटीखेड़ी, पायाखेड़ी, रामगढ़, बर्डियागुर्जर, गाडरिया, अरनियागौड़, बाजखेड़ी, खजूरीगौड़, जमुनिया, कोटड़ामाता, सेदराकरनाली, काचरिया, बोरखेड़ीजागीर, कोटपिपलिया, शक्करखेड़ीजागीर एवं धलपट सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया।