चित्तौड़गढ़। डीएसटी एवं सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस मामले में 3 हजार रुपए के इनामी आरोपी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही फॉर्च्यूनर कार जब्त की गई है।
फ्लैट में दबिश देकर पकड़े दोनों आरोपी-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों और रात्रिकालीन संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के सुपरविजन तथा सदर थाना प्रभारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में डीएसटी एवं थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सिंधी कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में ऐसा व्यक्ति मौजूद है, जो नागौर जिले के थांवला थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस मामले में 3 हजार रुपए का इनामी आरोपी है। उसके पास अवैध हथियार होने की भी सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फ्लैट पर दबिश दी। मौके पर दो संदिग्ध व्यक्ति मिले, जिनकी पहचान भैरुलाल तेली और बजरंग लाल विश्नोई के रूप में हुई। तलाशी के दौरान फ्लैट से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं फॉर्च्यूनर कार की तलाशी में तीन और जिंदा कारतूस मिले।
आर्म्स एक्ट में कार्रवाई, हथियार खरीद-फरोख्त की जांच-
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर फॉर्च्यूनर कार जब्त कर ली। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त और उसके स्रोत को लेकर आगे जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी-
- भैरुलाल तेली पिता भगवानलाल तेली, निवासी खारखंदा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़।
- बजरंग लाल विश्नोई पिता मनोहरलाल विश्नोई, उम्र 24 वर्ष, निवासी लक्ष्मण नगर चाड़ी, थाना भोजासर, जिला फलोदी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
थाना सदर चित्तौड़गढ़: थानाधिकारी प्रेम सिंह, एएसआई सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल हेमवृत सिंह एवं जितेंद्र कुमार।
डीएसटी टीम: एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल अशोक कुमार, अरविंद्र कुमार एवं कृष्णकांत।