खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र के ग्राम पिपलिया बुजुर्ग के झिरनिया रोड पर स्कूल बस और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार कैलाश पिता रामा मानकर (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राहगीरों की मदद से सनावद रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुशरण एकेडमी पिपलिया बुजुर्ग की स्कूल बस झिरनिया से पिपलिया बुजुर्ग की ओर आ रही थी, जबकि बाइक सवार कैलाश झिरनिया की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। ग्रामीणों ने बस का संतुलन बिगड़ने से हादसा होने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद स्कूल बस मौके से चली गई। ग्रामीण अमृत जाट के अनुसार, बस में सवार बच्चे हादसे के बाद डरे-सहमे थे। परिजनों ने रास्ते में ही बच्चों को बस से उतारकर अपने साथ घर ले जाने की बात कही।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने स्कूल बस के दस्तावेजों और आरटीओ के नियमों के पालन पर सवाल उठाए हैं। स्कूल की प्राचार्य पर भी ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलने पर आरक्षक जगन्नाथ पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस शिकायत और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।