मंदसौर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत गुरुवार को कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने जिले के बिशनिया, मोतीपुरा एवं केतूखेड़ी गांव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बिशनिया में उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण-
कलेक्टर ने ग्राम बिशनिया में प्राथमिक सहकारी संस्था का निरीक्षण किया और वाहन व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उचित मूल्य की दुकान का जायजा लिया। उन्होंने हितग्राहियों को वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री के संबंध में जानकारी ली तथा स्टाफ रजिस्टर का अवलोकन किया। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मरीजों से किया संवाद-
ग्राम मोतीपुरा में कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर ओपीडी सहित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बच्चों से संवाद किया।
विद्यार्थियों की चित्रकला का किया अवलोकन-
पीएम श्री विद्यालय मोतीपुरा में विकसित भारत विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की ओर से बनाई गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया और उनसे संवाद किया।
इस दौरान कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी सोचने-समझने की क्षमता को विकसित करें और नए कार्य करने के लिए हमेशा आगे रहें। जीवन में आगे चलकर बड़ी जिम्मेदारियां मिलती हैं, इसलिए उन्हें जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए अपनी अलग पहचान बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छा सोचने और किसी अच्छे उदाहरण से प्रेरणा लेकर उससे बेहतर करने का प्रयास करने की बात कही।
सुवासरा विधायक हरदीप सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि सभी को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने गांव, शहर और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।
विभिन्न गांवों में अधिकारियों ने किया भ्रमण-
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा भी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। अधिकारियों ने बोलिया, रहीमगढ़, खेताखेड़ा, शक्करखेड़ी, सुवासरा नगर परिषद के एक वार्ड, नाहरगढ़, कचनारा, खजूरमांडा, खजूरीचंद्रावत, रणायरा, प्रतापपुरा, झलारा, कोटड़ाबहादुर, बेटीखेड़ी, पायाखेड़ी, रामगढ़, बर्डियागुर्जर, गाडरिया, अरनियागौड़, बाजखेड़ी, खजूरीगौड़, जमुनिया, कोटड़ामाता, सेदरा करनाली, काचरिया, बोरखेड़ीजागीर, कोटपिपलिया, शक्करखेड़ीजागीर एवं धलपट सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया।