सेगांव। नगर में गुरुवार को विकास कार्यों के साथ सामाजिक सुविधाओं को भी विस्तार मिला। क्षेत्रीय विधायक केदार सिंह डावर ने 14 लाख रुपए की लागत से होने वाले तीन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें कंचनपुरा में टीन शेड तथा सेगांव में धनगर-भारूड़ समाज और रेवा-गुर्जर समाज की धर्मशाला में बनने वाले सामुदायिक भवन शामिल हैं।
विधायक डावर ने सबसे पहले कंचनपुरा में 4 लाख रुपए की लागत से बनने वाले टीन शेड का भूमिपूजन किया। इसके बाद सेगांव में धनगर-भारूड़ समाज धर्मशाला तथा रेवा-गुर्जर समाज धर्मशाला में 5-5 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवनों का भूमिपूजन किया गया।
सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगी स्थायी सुविधा-
सामुदायिक भवनों के निर्माण के बाद दोनों समाजों के लोगों को विवाह समारोह, बैठकों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा मिलेगी। समाजजनों द्वारा लंबे समय से इन भवनों के निर्माण की मांग की जा रही थी।
कार्यक्रम का विधि-विधान गायत्री परिवार के परिव्राजक नंदकिशोर यादव ने मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रेवाराम पाटीदार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मंडलोई, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पाटीदार, कांग्रेस जिला सचिव राकेश पटेल, सरपंच रूपाली धर्मेंद्र मंडलोई, भागीरथ मंडलोई, धीरज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं समाजजन उपस्थित रहे।