देवरी खवासा। जलझूलनी ग्यारस के पावन पर्व पर नगर सेठ भगवान श्री चारभुजा नाथ का भव्य नगर भ्रमण धूमधाम और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। भगवान चारभुजा नाथ को बेवाण में विराजित कर शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण कराया गया। बैंड-बाजों, ढोल और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
भगवान की नगर भ्रमण यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान धर्मप्रेमी नागरिकों ने जगह-जगह भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वल्पाहार एवं प्रसादी की व्यवस्था की गई।
जगह-जगह प्रसादी और पेयजल की व्यवस्था-
भोनीराम पिता अंबाराम पाटीदार, बनकट एवं मांगीलाल पाटीदार की ओर से श्रद्धालुओं को केले की प्रसादी वितरित की गई। वहीं राठौर समाज की ओर से नगर भ्रमण मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं को केसर दूध वितरित किया गया।
गणेश उत्सव समिति की ओर से शाही लस्सी की व्यवस्था की गई। रामनाथ पाटीदार कोठारी द्वारा सांवलिया जी के लड्डू की प्रसादी वितरित की गई।
नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भगवान चारभुजा नाथ के जयकारों और भक्ति गीतों से गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।