गुना। शहर में डोल ग्यारस का पर्व हर्षाेल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री रामजानकी प्राचीन मंदिर, कुशवाह समाज पुरानी छावनी से भगवान का विमान नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। इसके साथ ही विभिन्न समितियों द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां भी निकाली गईं।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह झांकियों, विमानों और अखाड़ों का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। इसी क्रम में मजदूर मित्र मंडल गुना द्वारा भी झांकियों, विमानों और अखाड़ों का पूजा-अर्चना के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत, वंदन और अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को भी मजदूर मित्र मंडल द्वारा सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।