शाजापुर। ढोल ग्यारस का पर्व शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान के जयकारों, भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक झांकियों से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
इसी क्रम में करणी सेना परिवार द्वारा भी ढोल ग्यारस की शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष सोनू बना सापखेड़ा एवं उनकी टीम ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा एवं स्वागत-सत्कार कर अभिनंदन किया।
शोभायात्रा के दौरान करणी सेना परिवार की ओर से श्रद्धालुओं को फलों का वितरण भी किया गया। लंबी शोभायात्रा में शामिल लोगों को फल वितरित कर सेवा और सहयोग का संदेश दिया गया।
वहीं शोभायात्रा में शामिल अखाड़ों के उस्तादों का विशेष सम्मान भी किया गया। जिला अध्यक्ष सोनू बना सापखेड़ा एवं टीम ने उस्तादों को माला पहनाकर सम्मानित किया और शील्ड भेंट कर उनके प्रदर्शन एवं योगदान का अभिनंदन किया। सम्मान से अखाड़ों के सदस्यों में भी उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर सोनू बना सापखेड़ा ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजन हमारी संस्कृति एवं परंपराओं को मजबूत करने के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हैं। ढोल ग्यारस का पर्व श्रद्धा, सेवा और एकता की भावना को बढ़ावा देता है।
ढोल ग्यारस के अवसर पर शाजापुर में आस्था, भक्ति, सेवा और सम्मान की तस्वीर देखने को मिली, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।