सेगांव/खरगोन। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेगांव चौकी पुलिस ने ग्राम सीतापुरी एडकियापुरा में कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार करीब 400 लीटर महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सीतापुरी एडकियापुरा में दिनेश पिता धुमसिंह अखाड़े (45) अपनी टपरी के पास कच्ची महुआ शराब बेचने के लिए खड़ा है। सूचना पर थाना प्रभारी ऊन निरीक्षक दिनेश सोलंकी और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। मौके पर रखी चार प्लास्टिक केनों की जांच में कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपए बताई गई। आरोपी के पास शराब बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला।
टपरी की तलाशी के दौरान पुलिस को शराब बनाने के संसाधन और करीब 400 लीटर महुआ लहान मिला। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए है। लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आरोपी के खिलाफ थाना ऊन में अपराध क्रमांक 285/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई आईजी इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग, डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद के निर्देश, एसपी खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन तथा एएसपी (शहर) बिट्टू सहगल और एसडीओपी खरगोन सौरभ तोमर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक लक्ष्मण राठौर सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।