रतलाम। शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी में मंगलवार को उमंग दिवस उत्साह और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘उमंग है तो जिंदगी में रंग है, चुनौतियों से लड़कर सकारात्मक सोच से भविष्य गढ़ेंगे’ रखी गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चौकी थाना के हेड कांस्टेबल रावजी डामोर रहे, जबकि अध्यक्षता संस्था की प्राचार्य भारती भावसार ने की। कार्यक्रम की शुरुआत उमंग कॉर्नर के उद्घाटन, दीप प्रज्ज्वलन और उमंग एंथम के सामूहिक गायन से हुई।
विद्यार्थियों को दिलाई उमंग त्रिवेणी की शपथ-
हेल्थ एंड वेलनेस मैसेंजर अशोक कुमार मुजाल्दे ने उमंग त्रिवेणी का प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य अतिथि रावजी डामोर एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को बैच लगाए तथा उन्हें शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में ‘मैं हूं राजा’, तनाव प्रबंधन, सपने एवं आकांक्षाएं, सोशल मीडिया का उपयोग और उमंग किशोर हेल्पलाइन 14425 पर डेमो कॉल जैसी गतिविधियों का सजीव मंचन किया गया। इनमें शिल्पा जोशी, नर्मदा धाकड़, तेजपाल मौर्य और सूरज आद्र ने सहभागिता की।
आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी-
मुख्य अतिथि रावजी डामोर ने किशोर-किशोरियों को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों को सुरक्षित व्यवहार और जागरूकता के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने लिया भाग-
जीवन कौशल विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन महेश बैरागी ने किया। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को प्राचार्य भारती भावसार ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
समापन अवसर पर प्राचार्य भारती भावसार ने कहा कि चुनौतियों का सामना करते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से ही अपने सपनों को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार मुजाल्दे ने किया, जबकि आभार प्रदीप सिंह पवार ने माना।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उमंग हेल्थ एंड वेलनेस मैसेंजर एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।