निम्बाहेड़ा। जलझूलनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को निम्बाहेड़ा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों से शाही लवाजमे और अखाड़ा प्रदर्शन के साथ ठाकुरजी के बेवाण (राम रेवाड़ी) निकाले गए। इसी क्रम में समीपवर्ती ग्राम कल्याणपुरा एवं प्रकाशनगर में ग्रामीणों और युवाओं द्वारा अलग-अलग राम रेवाड़ी निकाली गई।
कल्याणपुरा में ग्रामीणों ने निम्बाहेड़ा रेलवे फाटक के समीप से बजरंग व्यायामशाला के पहलवानों के साथ अखाड़ा प्रदर्शन करते हुए राम रेवाड़ी निकाली। वहीं प्रकाशनगर में युवाओं एवं ग्रामीणों ने सिगरी हनुमान मंदिर से स्वामी विवेकानंद व्यायामशाला के तत्वावधान में राम रेवाड़ी निकाली। दोनों शोभायात्राओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए।
युवाओं के आग्रह पर अहीर ने किया अखाड़ा प्रदर्शन-
कल्याणपुरा की शोभायात्रा के बड़े मंदिर चौक पहुंचने पर निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। युवाओं के आग्रह पर उन्होंने तलवार एवं बनास्टी के साथ अखाड़ा प्रदर्शन भी किया।
इससे पहले अखाड़े के उस्ताद सोहन माली, शंभूलाल माली, लखमा कीर, प्रहलाद कीर, सुंदरलाल, भगवानलाल, भैरूलाल एवं श्यामलाल सहित रमेश कीर, गोविंद कीर, अशोक कुमावत, शांतिलाल कीर, सुरेश कीर, विजय सिंह एवं अनिल वैष्णव आदि ने निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष कमलेश बुनकर, बाबा रामदेव व्यायामशाला के नरेंद्र सिंह राठौड़ सहित अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर एवं साफा बंधवाकर स्वागत किया।
जगह-जगह पुष्पवर्षा, महाप्रसाद का आयोजन
शोभायात्राओं के दौरान भक्तजनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर राम रेवाड़ी का स्वागत किया। वहीं गांव के समाजसेवियों एवं उनके संगठनों के सदस्यों की ओर से ग्रामीणों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया और पूरा वातावरण धार्मिक एवं भक्तिमय बना रहा।