नीमच। जलझूलनी एकादशी के अवसर पर माहेश्वरी समाज द्वारा लगातार दूसरे वर्ष पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। शाम 5 बजे श्रीराम मंदिर से भगवान श्री चारभुजा नाथ एवं भगवान श्रीराम का बेवाण नगर भ्रमण के लिए निकला। बेवाण अहिंसा पथ एवं विजय टॉकीज चौराहा होते हुए श्री बावड़ी वाले बालाजी मंदिर पहुंचा।
माहेश्वरी समाज के मीडिया प्रभारी ललित राठी ने बताया कि जुलूस में समाज के अध्यक्ष सत्यनारायण जागेटिया, सचिव सुरेश सोडाणी, कोषाध्यक्ष निर्मल दरक सहित नवीन गट्टानी, मनीष माहेश्वरी, मानकचंद बिलड़ा, सुरेशचंद अजमेर, भरत जाजू, रमेशचंद गट्टानी, दिनेश लढ़ा, ओम मंत्री, सुरेश सोनी, मितेश गट्टानी, प्रदीप गट्टानी, विमल सोनी, सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु, मातृशक्ति एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए।
जयकारों और भजनों से गूंजा नगर-
जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जलझूलनी एकादशी की शुभकामनाएं दीं। प्रभु भजनों और भगवान श्री चारभुजा नाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। समाजबंधुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ जुलूस में सहभागिता कर धर्मलाभ लिया।
बावड़ी वाले बालाजी मंदिर में हुआ जलाभिषेक-
श्री बावड़ी वाले बालाजी मंदिर पहुंचने पर मंदिर के पंडित-पुजारी जीवन जी तिवारी द्वारा भगवान को जल में झुलाया गया तथा स्नान कराया गया। इसके बाद भगवान की आरती की गई। बेवाण के श्रीराम मंदिर वापस पहुंचने पर महाआरती आयोजित हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
माहेश्वरी समाज द्वारा लगातार दूसरे वर्ष जलझूलनी एकादशी का आयोजन किया गया, जिसमें समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।