कुकड़ेश्वर। नगर कुकड़ेश्वर में डोल ग्यारस का पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही नगर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई और भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद विभिन्न मंदिरों से भगवान के डोल एवं बेवान निकाले गए।
सभी डोल-बेवान श्री सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के बाद महाआरती की गई। इसके पश्चात भगवान के डोल-बेवानों का भव्य जुलूस निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
जुलूस रंगरा चौक, तमोली मोहल्ला, नीम चौक, बाजार, सदर बाजार, बस स्टैंड, लालबाई-फूलबाई मंदिर, ब्राह्मण मंदिर, लोहार मोहल्ला, गढ़िया मंदिर एवं मालवीय मंदिर होते हुए पुनः रंगरा चौक पहुंचा। यहां से सभी डोल-बेवान अपने-अपने मंदिरों के लिए रवाना हुए।
जयकारों और भजनों से गूंजा नगर-
जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप और भजन-कीर्तन से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए जुलूस में शामिल हुए। युवाओं की टोलियां भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए चल रही थीं। जुलूस में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए।
जगह-जगह आरती और पुष्पवर्षा से स्वागत-
भगवान की सवारी का नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। लोगों ने भगवान की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद लिया। महिलाओं ने घरों के सामने आकर्षक रंगोलियां सजाईं। डोल ग्यारस के अवसर पर पूरे कुकड़ेश्वर में दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।