चित्तौड़गढ़। स्पिक मैके की ओर से जिले के राजकीय विद्यालयों में आयोजित निःशुल्क कार्यशाला एवं प्रस्तुति कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय मोहिनीअट्टम कलाकार डॉ. जूनी मेनन ने दो विद्यालयों में नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं और मुद्राओं की जानकारी भी दी गई।
पहली कार्यशाला राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बनाकिया कलां में प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कार्यक्रम में महेश कुमार, मनोज कुमार, योगेश कुमार एवं वीरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
दूसरी कार्यशाला राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पावली में प्रधानाचार्य शंकरलाल जाट की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर स्मिता टांक, सविता चौधरी, मधुलता कौशिक, कैलाश चंद्र एवं नीतेश उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को समझाई नृत्य की बारीकियां-
डॉ. जूनी मेनन ने गुरु वंदना से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद नृत्य के माध्यम से सीता स्वयंवर तथा भगवान श्रीराम और लक्ष्मण से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया। उन्होंने विश्वामित्र द्वारा श्रीराम एवं लक्ष्मण को राक्षसों के नाश के लिए साथ ले जाने के प्रसंग को भी नृत्य के माध्यम से समझाया।
इसके बाद राग तिल्लाना की प्रस्तुति दी गई तथा भगवान विष्णु के गुणों का वर्णन नृत्य के माध्यम से किया गया। कलाकार ने विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर नृत्य की बारीकियां समझाईं और विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास कराया।
कनेरा में 24 सितंबर को होंगी प्रस्तुतियां-
समन्वयक दिनेश हसीजा ने बताया कि गुरुवार, 24 सितंबर को कनेरा स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सुबह 10रू30 बजे प्रस्तुति होगी। इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कनेरा में दोपहर 12 बजे दूसरी प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।