उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर परिक्षेत्र स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में भगवान को 5 लाख 51 मोदक का भोग लगाया गया। भोग के बाद श्रद्धालुओं में मोदक का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेशनाथ महाराज ने भी सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया।
सप्तपुरियों में एक अवंतिका पूरी में पूर्व के महाकाल वन और वर्तमान के महाकाल मंदिर परिक्षेत्र स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में 12 दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान मंगलमूर्ति भगवान श्री गणेश को 5 लाख 51 हजार मोदक का भोग लगाया गया। इस अवसर पर आज प्रदोष पर्व पर राज्यसभा सांसद बाल योगी संत उमेश नाथ महाराज ने भगवान सिद्धिविनायक का पूजन अर्चन किया और मीडिया से चर्चा में बताया कि धर्म नगरी उज्जैनी अति प्राचीन नगरी है, यह सप्तपूरियों में एक पूरी है। इसलिए यहां के हर देवस्थान का एक विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि यहां आगामी दिनों में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में भव्य और दिव्य सिंहस्थ का आयोजन होने जा रहा है, जिसके लिए पूरी अवंतिका को सजाया और संवारा जा रहा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर की स्थापना राजा भ्रतहरि के द्वारा की गई थी जो पूर्व में महाकाल वन के नाम से ज्ञात था। जिसे आप महाकाल परिक्षेत्र के नाम से जानते है। मंदिर परिसर में स्थित इस अति प्राचीन मूर्ति की दिव्यता देखते ही बनती है।