नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटन की संभावनाओं का बेहतर उपयोग करने के उद्देश्य से जिला टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव 28 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे जिला पंचायत सभागार, नीमच में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित होगा।
कॉन्क्लेव में विभिन्न शासकीय विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों एवं संबंधित प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में पर्यटन स्थलों के विकास, प्रचार-प्रसार तथा जिले की पर्यटन पहचान को मजबूत करने के लिए आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
ये रहेंगे प्रमुख एजेंडे-
बैठक में जिला पर्यटन मास्टर प्लान तैयार करने, जिले के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए पेम्पलेट तैयार करने तथा पर्यटन से जुड़े प्रचार-प्रसार के विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा जिले में स्थित 100 वर्ष से अधिक पुराने ऐतिहासिक एवं विरासत भवनों तथा स्थलों का सर्वेक्षण एवं सूचीकरण किए जाने पर भी विचार-विमर्श होगा। डीएटीसीसी अध्यक्ष की सहमति से बैठक में अन्य संबंधित विषयों पर भी चर्चा की जा सकेगी।
कॉन्क्लेव में संबंधित अधिकारियों एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।