नीमच/भोपाल। नीमच विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए जावद-नीमच दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को लेकर बड़ी घोषणा हुई है। भोपाल में आयोजित कैबिनेट बैठक में परियोजना के लिए 4,197 करोड़ 58 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना के तहत नीमच विधानसभा क्षेत्र के 253 गांवों की करीब 59,700 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलने की जानकारी दी गई है। परियोजना की स्वीकृति के बाद क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में खुशी का माहौल है। किसानों और ग्रामीणों ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
विधायक परिहार ने मुख्यमंत्री से की भेंट-
परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की और उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल भी उपस्थित रहीं।
जल संसाधन मंत्री सहित प्रभारी मंत्री का जताया आभार-
विधायक परिहार ने परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया का भी आभार व्यक्त किया।
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई तकनीक के माध्यम से पानी का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होने के साथ कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।