भोपाल। अधिवक्ता से थाने के भीतर कथित मारपीट और बदसलूकी के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन अहिरवार समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कराई गई जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय अधिवक्ता राकेश रावल के साथ जहांगीराबाद थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा बदसलूकी और मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और विरोध जताया। वकीलों ने देर रात करीब 3 बजे तक थाने का घेराव करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद बुधवार सुबह भोपाल जिला अदालत में भी अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया और मामले के विरोध में पैरवी से दूरी बनाए रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर थाना प्रभारी राजन अहिरवार समेत दो अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।