नीमच। जिले के 119 शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 22 सितंबर को ‘उमंग दिवस’ आयोजित किया गया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक सोच एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न गतिविधियों, संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने विद्यालयों का किया निरीक्षण-
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुदंडा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़दा एवं शासकीय हाईस्कूल भाटखेड़ी पहुंचकर उमंग दिवस की गतिविधियों का अवलोकन किया।
इसी क्रम में एडीपीसी समग्र शिक्षा निखिल पाटीदार ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर मोरवन, सहायक संचालक एस.एम. मांगरिया ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिताखेड़ा, सहायक संचालक मनोज जैन ने सांदीपनि विद्यालय नीमच तथा सहायक सांख्यिकी अधिकारी डॉ. अक्षय सिंह बावल ने सीआरपीएफ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी उमंग, जिला नीमच राजेश मलिक ने भी विभिन्न विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों का जायजा लिया।
विद्यार्थियों से किया संवाद-
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर ‘उमंग दिवस’ के उद्देश्यों तथा विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने, अपनी भावनाओं को समझने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
भावनात्मक एवं सामाजिक विकास पर जोर-
‘उमंग दिवस’ के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ भावनात्मक एवं सामाजिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ चुनौतियों का सामना करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।