मनासा। नगर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी जलझूलनी एकादशी (डोल ग्यारस) का पर्व धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान के विमान नगर नायक बद्री विशाल मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां से सभी विमान ढोल-नगाड़ों के साथ एक साथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के विमानों के साथ नगर भ्रमण में शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
भगवान के विमानों का नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरना हुआ। बड़ा बाजार, सदर बाजार, सब्जी मंडी, पुराना शासकीय चिकित्सालय, बस स्टैंड, कारगिल चौराहा और मंदसौर रोड होते हुए सभी विमान राम तलाई पहुंचे। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने भगवान के विमानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने फल एवं अन्य प्रसाद अर्पित कर जयकारे लगाए।
राम तलाई पर हुआ जलाभिषेक और महाआरती-
राम तलाई पहुंचने के बाद सभी विमानों में विराजमान भगवान का विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया। इसके बाद सामूहिक महाआरती हुई। महाआरती के पश्चात जलझूलनी एकादशी व्रत कथा का श्रवण कराया गया। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मेले में जुटी भीड़, मनोरंजन के साधन भी लगाए-
जलझूलनी एकादशी के अवसर पर राम तलाई परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी एवं मुख्य नगर पंचायत अधिकारी के सहयोग से परिसर में रंगारंग फव्वारे तथा बच्चों के लिए झूला-चकरी सहित विभिन्न मनोरंजन के साधन लगाए गए। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।