नीमच। सेवा संकल्प पखवाड़ा अभियान के तहत नीमच जिला मुख्यालय से करीब 120 किलोमीटर दूर जावद विधानसभा क्षेत्र की आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत कोज्या में प्रवास किया गया। इस दौरान शिक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर संवाद किया गया।
प्रवास के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास एवं शासकीय हाई स्कूल पहुंचकर छात्राओं और विद्यार्थियों से संवाद किया गया। उनकी शिक्षा, आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली गई। आसपास के गांवों में ग्रामीणों से संपर्क कर केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार की जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रतन लाल मालावत ने बताया कि यह प्रवास जावद विधानसभा के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सकलेचा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किया गया।
मालावत ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है। विशेष रूप से आदिवासी समाज के विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।- रतन लाल मालावत, जिलाध्यक्ष, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, जिला नीमच