रामपुरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय रामपुरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा गोद ग्राम खेतपालिया में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। रासेयो स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। रैली के बाद स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक से दिया बेटी शिक्षा का संदेश-
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसर और समाज में उनके महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी ने रासेयो स्वयंसेवकों को समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भरत कुमार धनगर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों के साथ समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शक्ति हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रासेयो स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महाविद्यालय परिवार से डॉ. मुक्ता दुबे, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. जितेंद्र पाटीदार, डॉ. अर्जुन धनगर, डॉ. शरद शर्मा सहित स्वयंसेवक उपस्थित रहे।