शामगढ़। तहसील कार्यालय शामगढ़ में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राहुल चौहान ने आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर ही निराकरण किया गया।
जनसुनवाई में क्षेत्र के नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। एसडीएम राहुल चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की।
शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आवेदकों को नियमानुसार समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। अगली जनसुनवाई 29 सितंबर, मंगलवार को भानपुरा में आयोजित की जाएगी।