दूदरसी। जलझूलनी ग्यारस के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मंगलवार को गांव में भगवान श्रीराम मंदिर से भगवान का बेवाण निकाला गया। इस दौरान भगवान की प्रतिमा का फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। शाम करीब 5 बजे बेवाण नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ।
बेवाण गांव के प्रसिद्ध पनघट कुएं पर पहुंचा, जहां परंपरानुसार भगवान का अभिषेक किया गया। पुजारी ने आरती उतारी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान को दंडवत प्रणाम कर पूजा-अर्चना की तथा उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
जगह-जगह हुआ भगवान का स्वागत-
बेवाण के नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान को प्रसाद अर्पित कर पूजा-अर्चना की। पुरुषों ने भजन-कीर्तन किए, जबकि महिलाओं ने मंगलगीत गाकर अपनी आस्था व्यक्त की। धार्मिक आयोजन के दौरान गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
परंपरा को आगे बढ़ाने की जरूरत-
आयोजन के दौरान ग्रामीणों की सहभागिता को लेकर आयोजकों एवं बुजुर्गों ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि जलझूलनी ग्यारस जैसे पारंपरिक आयोजनों का क्रम आगे भी जारी रहे। बुजुर्गों द्वारा वर्षों से निभाई जा रही इस परंपरा को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।