झाबुआ। जिला चिकित्सालय झाबुआ में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 19 वर्षीय युवती के पेट से लगभग 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान निकाली, लगभग 37×28 सेंटीमीटर आकार की यह गठान बाएं अंडाशय में पाई गई थी ऑपरेशन के बाद युवती की स्थिति में लगातार सुधार है और वर्तमान में वह स्वस्थ एवं चिकित्सकीय निगरानी में है।
19 वर्षीय अनिला पिछले लगभग 6 माह से पेट में सूजन एवं दर्द की समस्या से परेशान थी। उपचार के लिए झाबुआ जिला चिकित्सालय पहुंचने पर कैंसर सर्जन एवं विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र भायल द्वारा उसकी जांच की गई, अल्ट्रासाउंड जांच में बाएं अंडाशय में लगभग 37×28 सेंटीमीटर आकार का नियोप्लास्टिक लेजन पाया गया।
मरीज की कम उम्र एवं गठान के अत्यधिक बड़े आकार को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच एवं प्री-ऑपरेटिव तैयारियां पूर्ण कर ऑपरेशन की योजना बनाई गई, इसके पश्चात जिला चिकित्सालय झाबुआ में ही सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर लगभग 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान को निकाला गया।
यह जटिल ऑपरेशन कैंसर सर्जन डॉ. देवेंद्र भायल के नेतृत्व में एनेस्थेटिस्ट डॉ. सावन चौहान, डॉ. राहुल धाकड़ तथा नर्सिंग ऑफिसर अनिल मोरे की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया, ऑपरेशन के बाद चिकित्सकीय टीम द्वारा मरीज की नियमित निगरानी की जा रही है।
जिला चिकित्सालय में कैंसर सर्जरी एवं कीमोथेरेपी की सुविधा
झाबुआ जिला चिकित्सालय में कैंसर मरीजों के उपचार के लिए कैंसर सर्जरी एवं कीमोथेरेपी सहित आवश्यक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है इस वर्ष अब तक 125 से अधिक कैंसर मरीजों का जिला चिकित्सालय में उपचार किया जा चुका है।
जिला स्तर पर कैंसर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होने से जिले के मरीजों को आवश्यक उपचार के लिए दूरस्थ बड़े शहरों पर निर्भरता कम करने में सहायता मिल रही है, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा मरीजों की स्थिति एवं चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी तथा अन्य आवश्यक उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
19 वर्षीय युवती का सफल ऑपरेशन जिला चिकित्सालय में उपलब्ध विशेषज्ञ कैंसर सर्जरी, एनेस्थीसिया एवं नर्सिंग सेवाओं का महत्वपूर्ण उदाहरण है जिले में गंभीर एवं जटिल रोगों से संबंधित मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है।