मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 6 अक्टूबर 2026 को होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मॉप-अप दिवस की तैयारियों एवं लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी सीएमएचओ डॉ. एस.जी. सूर्यवंशी, डीआईओ डॉ. सुरेश सोलंकी एवं संभागीय समन्वयक कपिल कुमार यति ने कार्यक्रम की रूपरेखा और निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी दी।
6 अक्टूबर को दी जाएगी दवा-
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 6 अक्टूबर को जिले की शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे निर्धारित दिन दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 9 अक्टूबर को मॉप-अप दिवस के दौरान दवा दी जाएगी।
जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 4 लाख 89 हजार 984 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 19 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की 92 हजार 950 महिलाओं को भी एल्बेंडाजोल की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के जिला परियोजना अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।