नीमच। ग्राम पंचायत भाटखेड़ी स्थित शासकीय हाई स्कूल में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उमंग दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुंदड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए विभिन्न विषयों पर सवाल-जवाब किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए और अपनी जानकारी एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और आत्मविश्वास को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुंदड़ा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ रचनात्मक, सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में सहायक होते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य हेमेंद्र श्रीवास्तव ने जिला शिक्षा अधिकारी का स्वागत करते हुए विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भरा रहा। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।