नीमच। नीमच-सिंगोली रोड पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच वाहनों की आवाजाही के लिए बनाए गए डायवर्शन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात मालखेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन सड़क के डायवर्शन पर एक ट्रक मिट्टी में धंसने के बाद पलट गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, डायवर्शन पर भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पर्याप्त मजबूती और सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही है। लोगों का आरोप है कि कमजोर मिट्टी और पर्याप्त मजबूती नहीं होने के कारण भारी वाहनों के पहिए सड़क में धंस रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से डायवर्शन की मजबूती और सुरक्षा इंतजामों की जांच कराने तथा आवश्यक सुधार करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त होने से संभावित बड़े हादसे को टाला जा सकता है।