नीमच। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रेडक्रॉस परिसर, जिला अस्पताल के सामने, नीमच में दोपहर 2 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सांकेतिक भाषा के महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ बधिर एवं श्रवण बाधित व्यक्तियों के मानव अधिकारों और संवाद के अधिकार के प्रति समाज को जागरूक करना है।
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला, एकल नृत्य, समूह नृत्य, गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांगजन मोबाइल नंबर 8103115531 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागी दिव्यांगजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन ने इच्छुक दिव्यांगजनों से कार्यक्रम में सहभागिता कर सांकेतिक भाषा के महत्व तथा समावेशी समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।