नीमच। नवम राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत जिले में आयुष विभाग द्वारा विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों, टीकाकरण केंद्रों एवं विद्यालयों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम और आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों एवं विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आहार विविधता, प्रोटीनयुक्त भोजन, स्तनपान तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई।
बर्डिया जागीर में 39 लाभार्थियों ने लिया लाभ-
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपलियारावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2, बर्डिया जागीर में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। “त्योहारों एवं उत्सवों में आंगनवाड़ी केंद्रों पर भोज का आयोजन” थीम के तहत ताजा, विविधतापूर्ण, पौष्टिक, गर्म एवं सुपाच्य भोजन के महत्व की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोरी बालिकाओं को पोषण, स्तनपान और लैक्टेशन के दौरान संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया गया।
स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों की जांच एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श दिया गया। साथ ही निःशुल्क बीपी जांच और आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में 39 लाभार्थी शामिल हुए।
विभिन्न केंद्रों पर आयोजित हुए शिविर-
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय कुंडला द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आयोजित पोषण शिविर में डॉ. बबीता जमरा एवं सोनियां मालवीय ने सेवाएं दीं। शिविर में 45 लाभार्थियों ने लाभ लिया।
मनासा के टीकाकरण केंद्र में शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आहार विविधता और प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। यहां 44 लाभार्थी शामिल हुए। डॉ. मदनलाल पाटीदार एवं सुशीला खिंचावत ने सेवाएं दीं।
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय अंबा परलाई द्वारा ग्राम परलाई के आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर में डॉ. रोहित जाधव एवं हेमंत व्यास ने सेवाएं दीं। शिविर में 40 लाभार्थी उपस्थित रहे। कदवासा के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में आयोजित शिविर में डॉ. विजय सोलंकी एवं भंवरलाल खराड़ी ने सेवाएं दीं तथा 40 लाभार्थियों ने लाभ लिया।
शासकीय आयुष औषधालय जमुनिया कलां द्वारा ग्राम दलावदा के आंगनवाड़ी केंद्र में आयुर्वेद रोग निदान एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इसमें डॉ. विमला पाटीदार एवं भावना बैरागी ने सेवाएं दीं और 45 लाभार्थी लाभान्वित हुए।
विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को किया जागरूक-
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय हरवार द्वारा माध्यमिक विद्यालय हरवार में विद्यार्थियों को सुपोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। शिविर में डॉ. नीरज भाटी ने सेवाएं दीं। वहीं शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय जनकपुर द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जनकपुर में छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। यहां डॉ. नाथूसिंह मौर्य ने सेवाएं प्रदान कीं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से पोषण, आहार विविधता, प्रोटीनयुक्त भोजन, स्तनपान, स्वच्छ एवं संतुलित आहार तथा आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।