नीमच। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 89 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर संवेदनशीलता, प्राथमिकता और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और पात्र आवेदकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाए। जिला स्तर पर निराकरण योग्य प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे आवेदक-
जनसुनवाई में फसल बीमा, त्वरित उपचार, आवास, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, नामांतरण, बंटवारा, पशुपालन ऋण और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
निरज पटवा ने नामांतरण आदेश, शैलेन्द्र सिंह ने मकान का नामांतरण प्रमाण-पत्र जारी करने एवं रिकॉर्ड में नाम सुधारने, शारदा बाई ने रास्ता खुलवाने तथा नागेश्वर, बद्रीलाल एवं शंभूलाल ने ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट कर पट्टा दिलाने संबंधी आवेदन दिए। कलाबाई एवं संगीता ने अभिलेख दुरुस्ती, बद्रीलाल भाम्बी ने किसान सम्मान निधि का लाभ, गोपाल मेघवाल ने शासकीय नाले से अतिक्रमण हटाने तथा बंशीलाल पाटीदार ने कृषि भूमि के रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
इसी प्रकार संगीता मालवीय ने पशुपालन के लिए ऋण दिलाने तथा अन्य आवेदकों ने भूमि संबंधी समस्याओं, पक्की नाली निर्माण, विद्युत पोल लगाने और त्वरित उपचार सहित अन्य समस्याओं के निराकरण का अनुरोध किया।
अधिकारियों को दिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश-
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जोक, श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।