चित्तौड़गढ़। जिला एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (DANTF) ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करवाने में सफलता हासिल की है। आरोपी को बूंदी जिले के देईखेड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास से डिटेन कर भादसोड़ा पुलिस के सुपुर्द किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन में DANTF ने कार्रवाई की।
430 किलो डोडाचूरा और 2 किलो एमडीएमए मामले में था वांछित-
पुलिस के अनुसार, थाना भादसोड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत DST द्वारा की गई कार्रवाई में 430 किलोग्राम डोडाचूरा और 2 किलोग्राम एमडीएमए पाउडर जब्त किया गया था। इसी मामले में नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के कोटड़ी इस्तमुरार, हार्कियाखाल निवासी जितेंद्र सिंह पिता भारत सिंह (34) वांछित चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी पर चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश में उसके विभिन्न ठिकानों पर कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था।
एक्सप्रेस-वे के पास से किया डिटेन-
DANTF टीम को मिली सूचना के आधार पर आरोपी को बूंदी जिले के देईखेड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास से डिटेन किया गया। इसके बाद उसे भादसोड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई भादसोड़ा पुलिस द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में DANTF के एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, राजदीप सिंह, कांस्टेबल विजय, दुर्गाराम, विक्रम, दीपक, वीरेंद्र सिंह (थाना भादसोड़ा) सहित टीम की भूमिका रही।