जीरन। नगर परिषद जीरन के सभाकक्ष में बुधवार, 23 सितंबर को परिषद सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में आगामी विजयादशमी पर्व की तैयारियों और आयोजन को लेकर चर्चा की गई। बैठक से पूर्व पार्षद प्रभा राजेश लक्षकार ने सीएमओ कपिल सिंह राजावत को पत्र सौंपकर पिछले आयोजनों में हुए आर्केस्ट्रा कार्यक्रम की प्रस्तुति को लेकर आपत्ति दर्ज कराई और वैकल्पिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया।
पार्षद लक्षकार ने पत्र में कहा कि पिछले वर्ष दशहरा मेले में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में फूहड़ प्रस्तुतियों को लेकर आपत्ति सामने आई थी। उन्होंने जीरन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए दशहरा पर्व पर भजन संध्या, कवि सम्मेलन या पारिवारिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की मांग रखी।
दो दिवसीय होगा दशहरा उत्सव-
बैठक में चर्चा के बाद इस वर्ष दशहरा पर्व को दो दिवसीय रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार महानवमी की शाम नगरवासियों के मनोरंजन के लिए लाफ्टर शो आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन विजयादशमी पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
दशहरा उत्सव समिति का गठन-
कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए बैठक में सर्वसम्मति से दशहरा उत्सव समिति का गठन किया गया। समिति में रामकरण सगवारिया को अध्यक्ष और मुकेश राव तावरे को उपाध्यक्ष बनाया गया। परिषद के अनुसार आयोजन को व्यवस्थित और पारिवारिक स्वरूप में आयोजित करने की तैयारियां की जा रही हैं।