नीमच। जलझूलनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को निकाले गए बेवाण जुलूस के दौरान कैंट थाना क्षेत्र के टैगौर मार्ग स्थित फव्वारा चौक के समीप नाचने को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक युवक द्वारा दो युवकों पर हमला करने की बात सामने आई। घटना में दोनों युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार घायल कार्तिक पिता शंकरलाल (18), निवासी मोदी नगर, भागेश्वर मंदिर के समीप के कान के पास चोट लगी है। वहीं सूरज पिता दिनेश (17), निवासी मोदी नगर, भागेश्वर मंदिर के समीप के सिर में चोट आई है। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया।
अस्पताल में भीड़ जुटी, पुलिस ने संभाली स्थिति-
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस टीम के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे। इस दौरान अस्पताल परिसर में घायलों के परिजन एवं अन्य लोग भी एकत्रित हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और समझाइश देकर लोगों को वहां से रवाना किया। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।