चित्तौड़गढ़। सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों से 1839 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपए है। कार्रवाई के दौरान तीनों ट्रकों के चालक और उनके चार साथियों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों ट्रकों को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गांजे की यह खेप तीन राज्यों को पार करते हुए करीब 1500 किलोमीटर का सफर तय कर चित्तौड़गढ़ पहुंची थी। तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए दो ट्रकों में एशियन पेंट की बाल्टियां और एक ट्रक में नर्सरी के पौधे भरे हुए थे। इन्हीं सामान की आड़ में गांजे का परिवहन किया जा रहा था।
नाकाबंदी में रोके तीन ट्रक-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन और पुलिस उप अधीक्षक निंबाहेड़ा शिव प्रकाश टेलर के सुपरविजन में सदर निंबाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा ने टीम गठित की।
एसआई लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर थाना क्षेत्र के अहिरपुरा में नाकाबंदी की। इसी दौरान तीन 12 चक्का ट्रक आते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, ट्रकों में सवार चालक और उनके साथी घबराए हुए नजर आए। पुलिस ने तीनों ट्रकों को अलग-अलग रुकवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान 59 कट्टों में रखे 515 पैकेटों से कुल 1839 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों ट्रकों को जब्त कर मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नाकाबंदी देखकर ट्रक भगाने का प्रयास-
पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी देखकर ट्रक चालकों ने वाहनों को भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें रोक लिया और ट्रकों में सवार चालक व उनके साथियों को हिरासत में लिया। पुलिस अब आरोपियों से गांजे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और खेप के स्रोत एवं गंतव्य को लेकर पूछताछ कर रही है।
सात आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस ने कार्रवाई में जगदीश पिता लेहरू जाट (35), निवासी दामाखेड़ा, कपासन; सुरेश पिता कालूराम रेगर (26), निवासी दामाखेड़ा, कपासन; राजमल उर्फ राजू पिता कजोड़मल जाट (30), निवासी सूरजपुरा, रायपुर, भीलवाड़ा; दिनेश पिता सत्यनारायण लोहार (30), निवासी पेट्रोल पंप की बस्ती, रायपुर, भीलवाड़ा; राजकुमार उर्फ राजू पिता हीरालाल मेवाड़ा कलाल (40), निवासी हरपुरा मोड़, पारसोली; बंशीलाल पिता सवाईराम जाट (37), निवासी भट्टों का बामणिया, कपासन तथा सद्दाम शेख पिता मुनीर अहमद शेख (34), निवासी गणेश चौक, सदर बाजार, पारसोली को गिरफ्तार किया है।
4 करोड़ रुपए कीमत का गांजा जब्त-
सदर निंबाहेड़ा पुलिस के अनुसार, बरामद 1839 किलो 670 ग्राम गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपए है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त तीन ट्रकों को भी जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम की रही भूमिका-
कार्रवाई में सदर निंबाहेड़ा थाने के एसआई लक्ष्मण सिंह, एएसआई डालचंद, कांस्टेबल जीवनलाल, दयाराम, शिशपाल, बाबूलाल, दिनेश कुड़ी, बहादुर सिंह, रोशनलाल, प्रवीण कुमार, कृष्ण कुमार तथा चालक सुरेश शर्मा शामिल रहे। जिला विशेष टीम से हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, मनोज कुमार, बलराम मीणा, प्रीतम, बलराम गुर्जर, अजय कुमार और शीशराम की भूमिका रही।