रामपुरा। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुरा में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) का स्थापना दिवस उत्साह एवं सेवा भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रासेयो के ध्येय वाक्य ‘मैं नहीं, आप’ के संकल्प के साथ हुई।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने गीत, कविता और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर प्रस्तुत नाटक कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी ने कहा कि रासेयो विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भरत कुमार धनगर ने युवाओं से सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नशामुक्ति के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। संचालन चेरी जागीरदार ने किया।