नीमच। रामपुरा क्षेत्र से 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान तनिष्का परिहार, पिता मनीष परिहार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, युवती ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सुबह घर से निकली थी युवती-
परिजनों के मुताबिक, तनिष्का सुबह करीब 6.30 बजे घर से निकली थी। दोपहर लगभग 1.30 बजे उसे ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां परिजनों को युवती द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगे उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय रेफर किया। परिजनों के अनुसार, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवती की मौत हो गई।
परिजनों ने कुछ लोगों पर लगाए आरोप-
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि मनीष जैन नामक युवक तनिष्का को अपने साथ लेकर गया था और उसके साथ दो-तीन अन्य लोग भी थे। परिवार का दावा है कि युवती को बहला-फुसलाकर मनासा बुलाया गया तथा वहां उसे कथित रूप से जहरीला पदार्थ लेने के लिए मजबूर किया गया। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद यही लोग युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे और बाद में वहां से चले गए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम और पुलिस जांच से सामने आएगी सच्चाई-
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।