देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही बाइक यात्रा के यात्रियों से प्रधानमंत्री ने वर्चुअल संवाद किया। देवास जिले के बागली विकासखंड के पुंजापुरा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाइक यात्रियों के साथ प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना।
इस दौरान बाइक राइडर दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री से यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुई यात्रा में स्वच्छता, पौधरोपण सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं और लोगों को नमो ऐप व व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सेवा कार्यों से जोड़ा जा रहा है।
व्यापार को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपेश गोटी ने बताया कि वे कपड़ा व्यापारी हैं और वडनगर के स्थानीय व्यापारियों से संपर्क कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं द्वारा व्यापार एवं स्वरोजगार के अवसर तलाशने की बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 वर्षों में अनुशासन, परिश्रम और सेवा भाव का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुगम परिवहन बस सेवा फिर शुरू होगी। किसानों को गेहूं पर बोनस, लाड़ली बहनों को मासिक राशि और युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों के आवास तथा 18 हजार नई भर्तियों की भी बात कही।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बाइक यात्रियों का स्वागत किया, पौधरोपण किया और मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 212 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं बाइक चलाकर यात्रा को आगे रवाना किया।