खरगोन। जिले में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद इसका इस्तेमाल धड़ल्ले से जारी है। शौक के लिए पतंग उड़ाने में इस्तेमाल किया जा रहा यह खतरनाक धागा अब लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। मंगलवार दोपहर कुंदा नदी स्थित नवग्रह पुल पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, चिश्तिया नगर निवासी मुबारिक जमशेर मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे कसरावद रोड से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवग्रह पुल से गुजरते समय अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। बचाव के दौरान मांझे ने उनके जबड़े को भी चीर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने मुबारिक को पहचान लिया और तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनके गले में 22 टांके लगाए हैं।
मुबारिक के रिश्तेदार अफजल ने चाइनीज मांझे के इस्तेमाल पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रतिबंध के बावजूद लोग इस खतरनाक मांझे से पतंग उड़ा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।