देवास। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर देवास शहर में गणेश विसर्जन को लेकर श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला। गणेश भक्तों ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी। कई स्थानों पर श्रद्धालु गणेश प्रतिमा को गले लगाकर भावुक नजर आए।
गणेश विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। एसडीएम अभिषेक शर्मा, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विसर्जन स्थलों पर नगर निगम और एसडीआरएफ कमांडेड वीणा कौशल के नेतृत्व में टीमों द्वारा व्यवस्थाएं संभाली गईं। बड़ी गणेश प्रतिमाओं का क्रेन की मदद से तालाबों में सुरक्षित विसर्जन कराया गया, वहीं छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग-अलग कुंड बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु विधि-विधान और श्रद्धा के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं।
हमारे संवाददाता अभिषेक सोनी से चर्चा में एसडीएम अभिषेक शर्मा और सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि अनंत चतुर्दशी पर शहर में निकलने वाले भव्य चल समारोह को लेकर व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं की गई हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है तथा जहां सड़क पर खुदाई हुई थी, वहां भी आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन स्थलों पर प्रशासनिक टीमें लगातार मौजूद हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। चल समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिलेभर से पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं बाहर से क्यूआरएफ का बल भी लगाया गया है।