खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से किसानों की सजगता और मुस्तैदी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नायदड़ में खेतों से लगातार हो रही मोटर पंप चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने खुद मोर्चा संभालते हुए दो संदिग्धों को मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया, जिसके बाद मिली लीड के आधार पर दो और आरोपियों को पकड़ा गया है।
खेतों में लगातार हो रही थी चोरी
ग्राम नायदड़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ समय से किसानों के खेतों से सिंचाई वाले मोटर पंप चोरी होने की लगातार वारदातें सामने आ रही थीं। इससे किसान खासे परेशान थे। आखिरकार ग्रामीणों ने एकजुट होकर नजर रखनी शुरू की। संदेह होने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया।
घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों ने तुरंत खलता चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँची और पकड़े गए दोनों संदिग्धों को अपने साथ ले आई। खलता चौकी प्रभारी मिथुन चौहान के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्धों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के नाम का भी खुलासा किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया है।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण संदिग्धों को पकड़े हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल बलकवाड़ा थाना और खलता चौकी पुलिस चारों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य मोटर पंप चोरियों का खुलासा होगा और चोरी किए गए पंप भी बरामद किए जाएंगे।